
धमतरी,जनपद पंचायत धमतरी के क्षेत्र क्रमांक-15 के जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने अपने क्षेत्र के ग्राम मुजगहन और रत्नाबाधा के तालाब में गहराते जल संकट को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र सौंपकर संबंधित नहर से पानी छोड़कर दोनों गांवों के प्रमुख बड़े तालाबों में जल भराव करने की पुरजोर मांग की है।सौंपे गए मांग पत्र जिसके साथ ग्राम पंचायत का प्रतिवेदन भी संलग्न है में बताया गया है कि वर्तमान में भीषण गर्मी के मौसम के कारण ग्राम मुजगहन एवं रत्नाबाधा के निस्तारी तालाबों का जलस्तर काफी गिर गया है। तालाबों में पानी की कमी के चलते ग्रामीणों को अपनी दैनिक निस्तारी नहाने, कपड़े धोने आदि के कार्यों में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही, पालतू मवेशियों और आस-पास के पशु-पक्षियों के लिए पीने के पानी का अत्यंत गंभीर संकट खड़ा हो गया है।जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने इस गंभीर विषय पर अपनी चिंता और विचार व्यक्त करते हुए कहा:भीषण गर्मी के इस दौर में हमारे अन्नदाताओं और ग्रामीणों को पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए तरसना पड़े, यह बेहद चिंताजनक है। मुजगहन और रत्नाबाधा के बड़े तालाब दोनों गांवों की जीवनरेखा हैं। वर्तमान में न केवल इंसान, बल्कि हमारे बेजुबान मवेशी और पशु-पक्षी भी बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज हो रहे हैं। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता जनहित और इन मवेशियों के प्राणों की रक्षा करना है। मैंने जल संसाधन विभाग से करबद्ध निवेदन किया है कि तत्काल प्रभाव से संबंधित नहर का पानी हमारे गांवों के तालाबों में छोड़ा जाए। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रशासन इस पुनीत कार्य को त्वरित गति से पूरा करेगा, जिससे ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके। मीनपाल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी विलंब के तालाबों में पानी भरने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों के निस्तारी समस्या और मवेशियों के पानी पीने की समस्या को टाला जा सके।






