
बालोद में अतिक्रमण पर कड़ा रुख: पहले गरीबों की गुमटियों पर कार्रवाई, अब सदर बाजार पर सबकी नजर

बालोद:– शहर को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सर्किट हाउस से घड़ी चौक, पुराना बस स्टैंड, सदर रोड, बुधवारी बाजार, मधु चौक, जय स्तम्भ, कला केंद्र, संजारी क्लब, दूध गंगा, गंगासागर तालाब और नया बस स्टैंड तक निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम नूतन कंवर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, सीएमओ मोबिन अली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

🔹 पहले चरण में गरीबों पर चली सख्ती
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के प्रथम चरण में प्रशासन ने जिला चिकित्सालय के समीप वर्षों से गुमटी लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे गरीबों पर सख्त कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई में कई लोगों की गुमटियां हटाई गईं, जिससे उनका रोजगार प्रभावित हुआ और उनका व्यवसाय पूरी तरह तहस-नहस हो गया। इसको लेकर शहर में सहानुभूति और चर्चा दोनों देखने को मिली।
अब बड़े बाजार पर कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज
अब जनचर्चा का विषय यह है कि क्या प्रशासन घड़ी चौक से सदर बाजार, बुधवारी बाजार और प्रमुख मार्गों पर हुए अतिक्रमण पर भी इसी तरह सख्त कार्रवाई करेगा। खासकर बड़े दुकानदारों और स्थायी निर्माणों पर कार्रवाई को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।

मैदानी कार्रवाई शुरू, दुकानों की नाप-जोखकलेक्टर के निरीक्षण
के बाद प्रशासन हरकत में आया और राजस्व, नगर पालिका व पुलिस की टीम ने घड़ी चौक से सदर मार्ग तक दुकानों की नाप-जोख शुरू कर दी। सड़कों से 20 मीटर अंदर तक माप लेकर दुकानों पर लाल निशान लगाए गए।
बाजार में हड़कंप, दुकानदारों में चिंता
कार्रवाई के चलते सदर बाजार में हड़कंप मच गया है। दुकानदारों और आम लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण को लेकर चर्चाएं होती रहीं। संभावित कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
सबकी नजर प्रशासन के अगले कदम पर
जिला बनने के बाद अतिक्रमण को लेकर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन बड़े अतिक्रमणकारियों पर भी समान रूप से सख्ती दिखाता है या नहीं। फिलहाल पूरे शहर की नजरें आने वाले दिनों की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।






