धमतरी/ नगर निगम धमतरी अंतर्गत महात्मा गांधी वार्ड स्थित बालाजी कॉलोनी में ढालू यादव के घर से मनीष यादव के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधिवत संपन्न हुआ। लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा द्वारा किया गया।कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी, निलेश लूनिया, अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, पार्षद हेमंत बंजारे, ईश्वर सोनकर, अज्जू देशलहरे, कुलेश सोनी, चंद्रभागा साहू, अनीता अग्रवाल, विजय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि सड़कों का विकास किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार होता है और बालाजी कॉलोनी में यह सीसी रोड बनने से लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में होने वाली समस्याओं से भी नागरिकों को निजात मिलेगी। महापौर ने आगे कहा कि शहर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा किया जा रहा है। नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से सड़क, पानी, सफाई और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में और अधिक विकास कार्य किए जाएंगे।कार्यक्रम के अंत में वार्डवासियों ने इस कार्य के लिए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।







