धमतरी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश और जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा का जीवन त्याग, सेवा, भक्ति और समाज कल्याण की भावना से ओतप्रोत रहा है, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। रंजना साहू ने कहा कि भक्त माता कर्मा ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सच्ची श्रद्धा, समर्पण और परिश्रम के साथ समाज सेवा करने से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उनके आदर्श और विचार समाज को एकता, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में भक्त माता कर्मा के प्रति समाज में गहरी आस्था है और उनकी जयंती बड़े श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई जाती है। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से माता कर्मा के जीवन और उनके आदर्शों को स्मरण किया जाता है। श्रीमती साहू ने कहा कि भक्त माता कर्मा के आदर्श हमें समाज में सेवा, सहयोग और समरसता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। नई पीढ़ी को भी उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। अंत में रंजना साहू ने भक्त माता कर्मा की जयंती पर सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए समाज से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।






