राजनांदगांव की अज़ीज़ मस्जिद में रमज़ान की रौनक, आई.बी. ग्रुप द्वारा इफ्तार पार्टी का आयोजन

राजनांदगांव / बालोद (छत्तीसगढ़) :– रमजानुल मुबारक के पवित्र महीने में राजनांदगांव के इंदमारा स्थित मध्य भारत की सबसे खूबसूरत मानी जाने वाली अज़ीज़ मस्जिद में इफ्तार पार्टी और इबादत का सिलसिला लगातार जारी है। देश की प्रमुख कृषि आधारित उद्योग कंपनी आई.बी. ग्रुप द्वारा निर्मित इस भव्य मस्जिद में रोजेदार बड़ी संख्या में पहुंचकर इफ्तार कर रहे हैं और नमाज़ अदा कर रहे हैं।

लगभग 3 एकड़ क्षेत्रफल में बनी इस भव्य मस्जिद का निर्माण अज़ीज़ मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कराया गया है, जिसका संचालन भी ट्रस्ट द्वारा ही किया जा रहा है। मस्जिद की खूबसूरत बनावट और बारीक नक्काशी इसे खास बनाती है। इसके निर्माण कार्य में राजस्थान के कारीगरों ने दिन-रात मेहनत कर नक्काशी और स्थापत्य का अद्भुत नमूना पेश किया है।

मस्जिद की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां बड़ी संख्या में नमाजी एक साथ नमाज़ अदा कर सकते हैं। मस्जिद के निर्माण में उपयोग किए गए पत्थर, मार्बल, झूमर लाइट्स और अन्य सजावटी सामग्री देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से मंगाई गई है, जिससे इसकी सुंदरता और भी आकर्षक हो गई है।
रमज़ान के इस मुबारक महीने में यहां नमाज़ और इबादत का सिलसिला लगातार जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में नमाजी और जायरीन शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर रहे हैं।

इसी क्रम में बालोद शहर से भी रोजेदारों का एक दल इफ्तार में शामिल होने पहुंचा, जिसमें मो. शकील खान, मो. जुनैद कुरैशी, अबरार सिद्दीकी, जमीर अहमद खान, निसार खान, इमरान खान, शाहनवाज़ खान और नासीर खान शामिल होकर इफ्तार में शरीक हुए तथा नमाज़ अदा की।






