धमतरी। जैन समाज के पूज्य आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनि आगम सागर महाराज एवं मुनि पुनीत सागर महाराज का मंगलवार सुबह धमतरी आगमन हुआ। उनके नगर प्रवेश के दौरान जैन समाज सहित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। रत्नाबांधा चौक के पास नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने जैन मुनियों का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महापौर रोहरा ने कहा कि संत-महात्माओं का नगर में आगमन समाज के लिए सौभाग्य की बात होती है। उनके सान्निध्य से लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिलता है और समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। मुनि आगम सागर महाराज और मुनि पुनीत सागर महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, अहिंसा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मिक शांति और सुख प्राप्त करने के लिए सत्य, करुणा और त्याग के मार्ग को अपनाना आवश्यक है। इस दौरान बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने मुनियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनियों के आगमन से जैन समाज में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।






