ग्राम दर्री के लिए गर्व और खुशी का क्षण उस समय बना जब गाँव के होनहार युवा इगेश्वर साहू का चयन देश की प्रतिष्ठित सुरक्षा बल BSF (Border Security Force) में हुआ। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गाँव में हर्ष का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे गाँव के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।इगेश्वर साहू, स्वर्गीय शत्रुघ्न साहू के सुपुत्र एवं माता चंद्रिका साहू के पुत्र हैं। कठिन परिस्थितियों और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। ग्राम के युवाओं और परिजनों का कहना है कि इगेश्वर ने अपनी लगन, अनुशासन और मेहनत से यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिनांक 7 मार्च 2026 को ग्राम दर्री में एक भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिवारजनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित हुए और इगेश्वर साहू को शुभकामनाएँ देते हुए भावुक माहौल में उन्हें देश सेवा के लिए विदाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने गाँव और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दर्री के सरपंच हिमांशु शेखर साहू, उप सरपंच निरंजन साहू, जनपद सदस्य गीतेश्वरी निरंजन साहू, पूर्व सैनिक दिलीप साहू, पंडित ललित शुक्ला, चंद्रहास साहू, नैन सिंह साहू, रोहित साहू, भारत साहू, अशोक साहू, टोपेश्वर साहू, कीर्तन, प्रवीण, होमन शर्मा, योगेश, दौलत साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा मित्रजन शुभम साहेब, भानुप्रताप, कान्हा, गुलशन, आनंद, हरिश्चंद्र चक्रधारी, अमन, हेमंत, तेजराम, राकेश, लोकेश्वर तथा अन्य युवाओं ने भी समारोह में शामिल होकर इगेश्वर साहू को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इगेश्वर साहू का BSF में चयन केवल उनके परिवार की ही नहीं बल्कि पूरे ग्राम दर्री की उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भी शिक्षा, खेल और अनुशासन के माध्यम से सेना एवं सुरक्षा बलों में जाकर देश सेवा का संकल्प लें। समारोह के अंत में ग्रामीणों ने फूलमालाओं और शुभकामनाओं के साथ इगेश्वर साहू को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर वातावरण भावुक भी रहा, वहीं युवाओं में देश सेवा के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह भी देखने को मिला।






