धमतरी। छत्तीसगढ़ सरकार के संकल्प बजट में धमतरी विधानसभा क्षेत्र को ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा के सतत प्रयास, मजबूत पैरवी और राज्य सरकार के साथ प्रभावी समन्वय का परिणाम है कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को बजट में प्राथमिकता के साथ शामिल किया गया है। इन प्रस्तावों के शामिल होने से धमतरी में सड़क, स्वास्थ्य, आवागमन और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। महापौर रोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि धमतरी–पुरूर–गंगरेल मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 11 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह मार्ग पर्यटन और ग्रामीण संपर्क की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे गंगरेल क्षेत्र तक आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में सबसे बड़ी उपलब्धि जिला चिकित्सालय धमतरी को 200 बिस्तरों में उन्नयन हेतु 38 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। इस उन्नयन से धमतरी ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें रायपुर जैसे बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसी क्रम में अछोटा में पुल निर्माण के लिए 6.40 करोड़ रुपये प्रावधान किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। मड़वा पथरा से बड़पानी सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये तथा साकरा–पीपरछेड़ी पुल निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। शिक्षा और यातायात सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीजी कॉलेज से एनएच-30 तक सड़क निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये स्प्रावधान किए गए हैं। यह मार्ग विद्यार्थियों, नागरिकों और वाहनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी प्रकार अटल परिसर संबलपुर से अर्जुनी चौक और कृषि उपज मंडी से श्याम तराई बायपास तक सड़क निर्माण के लिए 4.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे व्यापार और परिवहन को नई दिशा मिलेगी।ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए पुरूर से सोरम–भटगांव–गोकुलपुर सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये, अमलतास पुरम से कलेक्ट्रेट तक सड़क निर्माण के लिए 3.5 करोड़ रुपये तथा तरसीवां–पेपरछेड़ी मार्ग के लिए 2 करोड़ रुपये प्रावधान किए गए हैं। इसके अलावा सिविल कोर्ट से गोकुलपुर मार्ग के लिए 2 करोड़ रुपये, रुद्रेश्वर से साकरा एनएच मार्ग के लिए 9.5 करोड़ रुपये तथा आमदी से तरसीवा मार्ग के लिए 5 करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। संबलपुर से रेल्वे स्टेशन तक रेल्वे यार्ड बनाने 8 करोड़ का प्रावधान है।महापौर रामू रोहरा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धमतरी के विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसका प्रत्यक्ष प्रमाण संकल्प बजट में शामिल ये विकास कार्य हैं। रोहरा ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से धमतरी जिले में आवागमन व्यवस्था मजबूत होगी, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वास्थ्य सुविधाएं अत्याधुनिक स्तर तक पहुंचेंगी। इससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और धमतरी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य धमतरी को शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाना है। इसके लिए वे लगातार राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर धमतरी के लिए अधिक से अधिक विकास कार्य स्वीकृत कराने के लिए प्रयासरत हैं। महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि संकल्प बजट में शामिल ये सभी कार्य धमतरी के भविष्य को नई दिशा देंगे और आने वाले समय में धमतरी छत्तीसगढ़ के तेजी से विकसित होते प्रमुख जिलों में शामिल होगा।







