धमतरी/ हिंदवी स्वराज के महानायक एवं राष्ट्रगौरव छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के पावन अवसर पर मराठा समाज धमतरी द्वारा शहर में ऐतिहासिक एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा शहर जय शिवाजी, जय भवानी के नारों से गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होते हुए निकली, जहां नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पारंपरिक मराठी वेशभूषा में सजे युवक-युवतियां, हाथों में भगवा ध्वज लिए युवा, आकर्षक झांकियां और ढोल-ताशों की गूंज ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान से ओत-प्रोत कर दिया। शिवाजी महाराज के शौर्य, संगठन कौशल और अदम्य साहस को दर्शाती झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। महापौर ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक शासक नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना के प्रणेता थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हिंदवी स्वराज की स्थापना कर पराक्रम, सुशासन और सांस्कृतिक अस्मिता का नया अध्याय रचा। उनका जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की अमिट प्रेरणा देता है। महापौर ने नागरिकों से आह्वान किया कि शिवाजी महाराज के आदर्शों—साहस, संगठन शक्ति, मातृभूमि के प्रति समर्पण और न्यायपूर्ण शासन—को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में मराठा समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी महिला मोर्चा की पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन के दौरान श्रद्धा, जोश और देशभक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।







