महापौर रामू रोहरा ने किया औद्योगिक वार्ड में आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी अंतर्गत औद्योगिक वार्ड में वेयरहाउस से नहर तक प्रस्तावित आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की कुल लागत 7.68 लाख रुपये है। नाली निर्माण से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से वार्डवासियों को राहत मिलेगी। भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर रामू रोहरा रहे, जबकि नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने विशेष सानिध्य प्रदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रोहरा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण जैसे आधारभूत कार्यों से नागरिकों के दैनिक जीवन में सुधार होता है तथा स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होती है।नगर निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि नगर में निरंतर किए जा रहे विकास कार्य शासन की जनहितैषी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाएगा, जिससे औद्योगिक वार्ड के नागरिकों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी विभा चंद्राकर, वार्ड पार्षद रामेश्वर छोटू वर्मा सहित पार्षद मेघराज ठाकुर अज्जू देशलहरे, चंद्रभागा साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर उपस्थित नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Recent Posts