धमतरी।आज गोकुलपुर वार्ड में निगम प्रशासन द्वारा एक वैध पट्टाधारी नागरिक के मकान को बिना किसी पूर्व सूचना एवं नोटिस के जबरदस्ती तोड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। इस मनमानी कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आम नागरिकों में आक्रोश व्याप्त हो गया।मामले की जानकारी मिलते ही धमतरी विधानसभा के मुख्य विधायक ओंकार साहू तत्काल मौके पर पहुंचे और निगम अधिकारियों के समक्ष पीड़ित व्यक्ति के भूमि पट्टे की जांच कराई। मौके पर दस्तावेजों की जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि पीड़ित व्यक्ति का पट्टा पूर्णतः वैध है। पट्टा सही पाए जाने के बाद भी निगम अधिकारियों के पास अपनी कार्रवाई का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं था। विधायक ओंकार साहू ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि बिना नोटिस और बिना वैधानिक प्रक्रिया के किसी भी नागरिक के घर को तोड़ना घोर अन्याय है और यह प्रशासनिक दादागिरी को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को इस तरह डराना और परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए कहा कि उनके तोड़े गए मकान को पुनः बनाकर दिया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जाए। विधायक ओंकार साहू ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को गंभीरता से लेकर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। इस घटना ने एक बार फिर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां वैध पट्टाधारी नागरिक भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।






