धमतरी। भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक संपन्न, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल ने किया मार्गदर्शन आज भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल जी के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम विधिवत प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और अनुशासन पर जोर देते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि संगठन की रीढ़ कार्यकर्ता होते हैं और उनके सतत परिश्रम से ही भाजपा जन-जन तक अपनी बात पहुंचा पाती है। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं रायपुर संभाग प्रभारी अखिलेश सोनी ने अपने वक्तव्य में केंद्र व राज्य सरकार की गरीब कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल ने अपने मार्गदर्शन में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के कर्तव्यों, दायित्वों और व्यवहारिक जीवन में अनुशासन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीवन चरित्र निर्माण, सेवा भावना और संगठन के प्रति समर्पण का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने हमेशा जनता के बीच सक्रिय रहने, जनसमस्याओं को सुनने और उनके समाधान हेतु निरंतर प्रयास करने के उपाय व इसके लाभों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री महेंद्र पंडित ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में जिला महामंत्री राकेश साहू ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी,जिला प्रभारी,जिला पदाधिकारी,प्रदेश मोर्चा पदाधिकारी,जिला मोर्चा अध्यक्ष,मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री अपेक्षित थे। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा दी गई।







