समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन : धमतरी जिले में ऐतिहासिक प्रगति, किसान लाभान्वित धान खरीदी में रिकॉर्ड प्रगति: धमतरी में 58 लाख क्विंटल

धान का उपार्जन पारदर्शी व्यवस्था का असर: धमतरी में 1.21 लाख किसानों से धान खरीदी सफल किसान हित में शासन की पहल, धमतरी में 1375 करोड़ रुपये की धान खरीदी धमतरी /छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था के अंतर्गत धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान हितैषी रूप में लगातार प्रगति पर है। जिले की 74 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के माध्यम से कुल 1,29,593 किसानों का 1,27,713.73 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया गया है, जो जिले में कृषि गतिविधियों की व्यापकता और किसानों के शासन पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।  धान उपार्जन की शुरुआत 15 नवम्बर 2025 से की गई थी। अब तक 1,21,496 किसानों से 57,99,710.80 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल अनुमानित राशि 1375.18 करोड़ रुपये है। यह उपलब्धि जिले में धान खरीदी की प्रभावी व्यवस्थाओं, समयबद्ध टोकन प्रणाली तथा समितियों की सक्रिय भूमिका का परिणाम है। शासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का समय पर उचित मूल्य मिल सके, इसके लिए भुगतान व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। इसी क्रम में अब तक 1,14,813 किसानों को 1300.45 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और उन्हें आगामी कृषि कार्यों के लिए प्रोत्साहन मिला है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन प्रणाली के माध्यम से खरीदी को चरणबद्ध एवं भीड़ रहित बनाया गया है। दिनांक 30 जनवरी 2026 के लिए 2,942 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 99,167.10 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। इससे उपार्जन केंद्रों पर सुव्यवस्था बनी हुई है और किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उपार्जित धान के भंडारण एवं परिवहन की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अब तक 25,59,728.90 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि उपार्जन केंद्रों में 32,39,981.90 क्विंटल धान उठाव हेतु शेष है। उठाव कार्य को और तेज करने के लिए परिवहन एजेंसियों एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय निरंतर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में अब तक 1,00,085 किसानों द्वारा 6,570.42 हेक्टेयर रकबा समर्पण कराया जा चुका है, जो यह दर्शाता है कि किसान शासन की नीतियों के प्रति जागरूक हैं और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं। कुल मिलाकर, धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की यह सफलता शासन की किसान हितैषी नीतियों, प्रशासनिक दक्षता तथा किसानों के सहयोग का प्रतिफल है। आगामी दिनों में शेष धान खरीदी, उठाव एवं भुगतान कार्य को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

Recent Posts