“बालोद में गणतंत्र दिवस भव्यता से सम्पन्न, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण, बाल विवाह रोकथाम की दिलाई शपथ”

बालोद :– जिला मुख्यालय बालोद में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह आज हर्ष, उल्लास एवं भव्य-गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहे। उन्होंने प्रातः 09 बजे स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के साथ परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। बालोद जिले को प्रदेश का पहला बाल विवाह मुक्त जिला बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।

समारोह में विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पवन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्यामलाल नवरत्न, वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संजय सोनी, सीईओ जिला पंचायत सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं श्रीमती नूतन कंवर, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती भारती कुलदीप, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर एवं आशीष पेंद्रो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। परेड में सशस्त्र बल, पुलिस बल एवं विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट, हर्ष फायर एवं “राष्ट्रपति की जय” का उद्घोष किया गया। इस दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
परेड (सीनियर): 21वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल करकाभाट प्रथम, जिला पुलिस बल (पुरुष) द्वितीय, जिला पुलिस बल (महिला) तृतीय।
परेड (जूनियर): एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बालोद प्रथम, एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह द्वितीय, गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद तृतीय।
झांकी: कृषि विभाग प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वितीय, आदिवासी विभाग तृतीय।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: ब्लेज एकेडमी उमरादाह प्रथम, गुरुकुल विद्यापीठ बालोद द्वितीय, संस्कार शाला बालोद तृतीय।
उत्कृष्ट परेड संचालन हेतु परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा एवं परेड टू-आईसी एसआई श्री मनीष शेंडे को भी सम्मानित किया गया।







