गणतंत्र दिवस समारोह में विद्यार्थियों व प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

धमतरी। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गवर्नमेंट बॉयज स्कूल स्थित ग्राउंड में आयोजित भव्य शासकीय समारोह देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महापौर रामू रोहरा द्वारा गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई गई। सांस्कृतिक समारोह के दौरान महापौर रामू रोहरा ने ग्राउंड में पहुँचकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स, पुलिस कर्मियों एवं सभी प्रतिभागी बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतंत्र और कर्तव्यों की याद दिलाने वाला गौरवशाली दिन है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति की भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अनुशासन को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने बच्चों के उत्साहवर्धन की इस पहल की सराहना की। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं देशभक्ति नारों के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

Recent Posts