धमतरी/कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, जिला धमतरी द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार आज कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, धमतरी के सभा कक्ष में सड़क यातायात दुर्घटना पीड़ितों के नकद रहित उपचार योजना (MoRTH CTRAV) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बताया गया कि किसी भी सड़क यातायात दुर्घटना में घायल व्यक्ति, दुर्घटना के पश्चात 24 घंटे के भीतर योजना में पंजीकृत किसी भी अस्पताल में भर्ती होकर अधिकतम ₹1.50 लाख तक का निःशुल्क एवं नकद रहित उपचार प्राप्त कर सकेगा। यह योजना पीड़ितों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर मोनिका मरावी (उप पुलिस अधीक्षक) एवं उनकी टीम अमित देवागन (जॉइंट डायरेक्टर, NIC, नया रायपुर), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, धमतरी सारांश शिर्के (स्टेट रोलआउट मैनेजर, e-DAR) अमित सिसोदिया (DIO, NIC, धमतरी), डॉ. प्रिया कंवर (DPM-NHM) देवेन्द्र सोनी (DPC, आयुष्मान भारत PMJAY, धमतरी) सन्नी कुमार गीदम (डिस्ट्रिक्ट रोलआउट मैनेजर, e-DAR) सहित जिले के आयुष्मान भारत PMJAY योजना में पंजीकृत एवं अपंजीकृत समस्त शासकीय एवं निजी अस्पतालों के प्रमुख/प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यशाला में यह भी स्पष्ट किया गया कि आगामी तिथियों में शासन, प्रशासन एवं राज्य कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्रातिशीघ्र योजना का लाभ मिल सके और उन्हें अधिकतम ₹1.50 लाख तक निःशुल्क उपचार सुविधा सुनिश्चित हो सके।







