नियद नेल्लानार से प्रभावित ग्रामीणों का भाजपा प्रवेश, विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिली मजबूती

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की गरिमामयी उपस्थिति में, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में कांकेर जिले के सुदूर ग्राम आलपरस एवं गुंदूर के ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया। इस दौरान ग्रामीणों ने “विकसित गांव–विकसित प्रदेश” के संकल्प को और मजबूत करने का प्रण लिया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना उनके जीवन को बदलने वाला एक महत्वाकांक्षी अभियान साबित हो रहा है, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा प्रवेश का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता की सेवा कर रही है, जिसके कारण लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा की वैचारिक शक्ति के कारण ही विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के अंतिम छोर से जुड़े ये ग्रामीण अब अंत्योदय की विचारधारा के कार्यकर्ता बन चुके हैं और इनके जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विक्रम उसेंडी ने सभी नवप्रवेशी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि संगठन अब और अधिक सशक्त होगा तथा “मिशन 2028” के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर गांव के प्रमुख पुजारी, सरपंच रजनाथ पोटाई, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, भाजपा नेता सुनील जैन, रामलाल आचला, जयलाल उसेंडी, लच्छू गावड़े, जागेश्वर पुजारी सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने किया समस्याओं का त्वरित समाधान
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के समक्ष अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं, जिस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि वे अबूझमाड़ के सीमावर्ती क्षेत्रों से आते हैं और वहां प्रस्तावित एजुकेशन सिटी से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य उज्ज्वल होगा। इस पहल के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।






