धमतरी/ शासन द्वारा 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी अब अंतिम चरण में है। जिले में खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने आज धमतरी, मगरलोड एवं कुरूद विकासखंड के धान खरीदी केंद्र बठेना, भोथली, बगौद, भाटागांव, कोड़ेबोड़, कोकड़ी, करेलीबड़ी, कुंडेल, मगरलोड एवं बोरसी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से चर्चा की। अब तक कलेक्टर श्री मिश्रा जिले के 37 धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टोकन कटने की स्थिति, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, धान उठाव एवं भुगतान प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन पहले ही कट चुके हैं, उनका धान प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी विलंब के खरीदा जाए। कलेक्टर ने कहा कि छोटे, सीमांत और वास्तविक किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रकबा समर्पण एवं फसल सत्यापन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही, अनियमितता या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा समस्त कार्यवाही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ की जाए। कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पहली बार धान विक्रय हेतु टोकन कटवाने वाले किसानों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाए। सत्यापन के दौरान यदि फर्जी रकबा, अवैध धान बिक्री अथवा अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इसके साथ ही कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों पर पेयजल, छाया, तौल व्यवस्था, बैठने की सुविधा सहित किसानों की अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने धान उठाव की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध उठाव से केंद्रों में भीड़ कम होगी और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा। इस अवसर पर एसडीएम नाभसिंह कोसले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया जारी है। शासन के निर्देशानुसार जिले की 74 उपार्जन समितियों के माध्यम से कुल 1,29,327 किसानों का 1,27,504.80 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया गया है। 15 नवंबर 2025 से अब तक 1,16,388 किसानों से 55,51,317.6 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल राशि 1,316.14 करोड़ रुपये है। इसके विरुद्ध 1,05,376 किसानों को 1,208.63 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 22 जनवरी 2026 के लिए 1,982 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 8,421.38 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। अब तक 22,37,546.8 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि 33,13,770.8 क्विंटल धान उपार्जन केंद्रों में उठाव हेतु शेष है। साथ ही जिले में 91,986 किसानों का 5,182.91 हेक्टेयर रकबा समर्पण कराया जा चुका है।







