“जंबूरी में बालोद पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान”

प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में सड़क सुरक्षा का संदेश, रेडक्रास के बच्चों को दिए गए यातायात नियमों की जानकारी

बालोद:– प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी शिविर, ग्राम दुधली मालीघोरी में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संजय शर्मा, अध्यक्ष अतंर्विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा एवं सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात, पु.मु. नवा रायपुर द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से आए रेडक्रास के बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।


कार्यक्रम के दौरान श्री शर्मा ने सड़क पर चलते समय भारी वाहनों से होने वाले संभावित खतरों, ब्लाइंड स्पॉट, भीड़ नियंत्रण के उपाय, दो वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी, वाहन की गति कम करने के प्रभावी एवं सरल उपायों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जंबूरी शिविर में बालोद पुलिस द्वारा लगाए गए सड़क सुरक्षा स्टॉल का निरीक्षण किया तथा “सेफ्टी विथ हेलमेट” थीम पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।


पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्या.) बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत शासन की गाइडलाइन के अनुसार जिले में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” का आयोजन किया जा रहा है।
जंबूरी शिविर स्थल पर बालोद पुलिस द्वारा यातायात नियमों, साइबर अपराध, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों तथा नवीन कानूनों पर आधारित स्टॉल लगाकर जागरूकता फैलाई जा रही है। स्टॉल में आने वाले रेडक्रास के बच्चों एवं आगंतुकों को यातायात नियमों से संबंधित पाम्पलेट वितरित किए गए तथा सड़क सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही प्रोजेक्टर/टीवी के माध्यम से यातायात संबंधी वीडियो क्लिप प्रसारित कर लोगों को स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Recent Posts