ग्राम दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका बोले—यह एकता और विविधता का उत्सव

बालोद:– भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में बालोद जिले के ग्राम दुधली में आज प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि एकता, विविधता, भाईचारे और साझा उद्देश्यों का उत्सव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन ने की। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खण्डेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

राज्यपाल एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं गुब्बारे छोड़कर जंबूरी का विधिवत शुभारंभ किया तथा जंबूरी पत्रिका और नए बैज का विमोचन भी किया। विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों द्वारा प्रस्तुत नैनाभिराम सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी।

राज्यपाल रेमन डेका ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जंबूरी एक जीवंत शिक्षालय है, जहाँ युवा नेतृत्व, अनुशासन, सहानुभूति और पारस्परिक सम्मान सीखते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन ने कहा कि यह आयोजन ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा जिला प्रशासन की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय इस जंबूरी में देश के 33 राज्यों, रेल्वे एवं नवोदय विद्यालय सहित हजारों रोवर-रेंजर भाग ले रहे हैं।

आज आयोजित समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, सचिव शिक्षा विभाग सिद्धार्थ कोमल परदेशी, संभागायुक्त एसएन राठौर, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, सीईओ जिला पंचायत सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित भारत स्काउट्स गाइड्स के अधिकारी, रोवर रेंजर के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकगण उपस्थित थे।







