सोरिद वार्ड अटल आवास की सीढी गिरने से महिला एवं बच्चें घायल उपचार व राहत व्यवस्था जानने पहुँचीं सभापति कौशल्या देवांगन

धमतरी/ सोरिद वार्ड (डिपो पारा) स्थित अटल आवास में सोमवार दोपहर अचानक सीढी ढह जाने से एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही नगर निगम की सभापति (स्पीकर) कौशल्या देवांगन तुरंत मौके पर पहुँचीं और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ उपायुक्त पी.सी. सार्वा, एमआईसी सदस्य निलेश लुनिया, पार्षद अखिलेश सोनकर, प्रां. कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत तथा निगम की इंजीनियर नमिता नागवंशी भी मौजूद रहीं।निरीक्षण के दौरान सभापति ने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए घायलों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद नागरिकों से भी चर्चा कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। हादसे के बाद घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभापति कौशल्या देवांगन स्वयं जिला अस्पताल पहुंचीं और डॉक्टरों से महिला एवं बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई।सभापति ने बताया कि अटल आवास की जर्जर स्थिति को लेकर पूर्व में भी नगर निगम द्वारा निरीक्षण किया गया था। आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन के शेष हिस्सों की सुरक्षा जांच प्राथमिकता से की जाए। घटना स्थल पर मौजूद नागरिकों ने त्वरित पहुंचकर सहायता प्रदान करने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Recent Posts