सेना भर्ती टेंट टेंडर पर कांग्रेस बेवजह मचा रही हो-हल्ला

कांग्रेस पहले अग्निवीर का विरोध कर रही थी अब भर्ती का: मेघराज ठाकुर धमतरी।नगर निगम के भाजपा पार्षद मेघराज ठाकुर ने सेना भर्ती के दौरान टेंट टेंडर को लेकर लगाए जा रहे कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पहले अग्निवीर भर्ती का विरोध कर रही थी अब अग्नि वीर भर्ती का।उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस केवल हो-हल्ला मचा रही है, जबकि न तो कोई घोटाला हुआ है और न ही किसी प्रकार का भ्रष्टाचार। पार्षद ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सेना भर्ती एक सुव्यवस्थित प्रक्रिया है, जिसमें जिला प्रशासन के समन्वय से विभिन्न विभाग सहयोग करते हैं। नगर निगम भी इसी कड़ी में प्रशासन को सहयोग प्रदान कर रहा है, जिसमें एक रुपया भी धमतरी निगम का उपयोग नहीं हो रहा है।उन्होंने कहा कि टेंट व्यवस्था से जुड़ा कोई भी भुगतान नगर निगम मद से नहीं किया गया है, ऐसे में भ्रष्टाचार के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि वह स्वयं कितने गहरे पानी में है। पार्षद ठाकुर ने कहा कि जनता अब बेबुनियाद आरोपों और राजनीतिक शोरगुल को समझ चुकी है और ऐसे मुद्दों पर सच्चाई के साथ खड़ी है।

Recent Posts