धमतरी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से डिवीजनल हेड पाद बख्शी, सीआरएम मंगेश डोंगरे, एसएसए नितिन जैन, एसएम निर्मल माहेश्वरी एवं एसओ शांतनु राय का धमतरी आगमन हुआ। इस अवसर पर गैस वितरक मोहन अग्रवाल, हेतल संघवी, रेखा मंडावी, मनोज साहू सहित अन्य की उपस्थिति में एक निजी संस्था में पत्रकारों से औपचारिक चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के अंतर्गत 25 लाख अतिरिक्त निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किए गए हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती रसोई ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और सशक्त हुई है।योजना के तहत उन गरीब परिवारों की महिलाएं पात्र होंगी, जिनके घर में पहले से एलपीजी कनेक्शन नहीं है। पात्रता का निर्धारण वंचना घोषणा पत्र के आधार पर किया जाएगा, जिसका सत्यापन जिला उज्ज्वला समिति द्वारा होगा। आवेदन के लिए केवाईसी फॉर्म, निवास प्रमाण पत्र, परिवार संरचना से संबंधित दस्तावेज, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण एवं वंचना घोषणा पत्र आवश्यक होंगे। प्रवासी परिवारों के लिए स्व-घोषणा पत्र को मान्य किया गया है।आवेदन नजदीकी एलपीजी वितरक, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा ऑनलाइन pmuy.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। योजना के अंतर्गत प्रशासनिक शुल्क माफ रहेगा, साथ ही निःशुल्क गैस चूल्हा और पहला रिफिल भी प्रदान किया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में हुई थी और अब तक 10.33 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।







