कल से होगी शत-प्रतिशत जलापूर्ति धमतरी। नगर निगम धमतरी के अंतर्गत संचालित वाटर फिल्टर प्लांट में मोटर जल जाने से उत्पन्न तकनीकी समस्या के निराकरण हेतु मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है। निगम के जल विभाग एवं तकनीकी अमले द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है, ताकि नगरवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। निगम अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मोटर की मरम्मत का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। आवश्यक परीक्षण और तकनीकी जांच के बाद कल से शहर में जलापूर्ति शत-प्रतिशत बहाल होने की पूरी संभावना है। मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही सभी वार्डों में नियमित रूप से जलापूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो कल सुबह लोगों के घरों में पानी आना चालू हो जाएगा।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलापूर्ति व्यवस्था नगर की प्राथमिक सेवाओं में शामिल है और किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान किया जा रहा है। निगम की पूरी टीम निरंतर प्रयासरत है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अस्थायी असुविधा के लिए सहयोग बनाए रखें और पानी का आवश्यकतानुसार उपयोग करें। निगम प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया है कि जलापूर्ति व्यवस्था को स्थायी और सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।






