‘नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे, इसमें कोई दो राय नहीं’, सम्राट चौधरी ने बिहार चुनाव से पहले क्लियर कर दी पूरी बात।

पटना / – बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने साफ तौर पर कहा कि अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों में अगर एनडीए सत्ता में लौटता है तो नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। सम्राट चौधरी मुंगेर जिले के तारापुर से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से एनडीए के चुनावी मुद्दों से लेकर नीतीश के नेतृत्व, तेजस्वी यादव और जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर के आरोपों तक, कई मुद्दों पर बातचीत की है।

क्या बिहार चुनाव के लिए एनडीए का कोई ब्लूप्रिंट है?

भारतीय जनता पार्टी जल्दी ही अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है। हम अगले पांच सालों के लिए अपने ब्लूप्रिंट पर सहयोगियों के साथ भी बातचीत कर रहे हैं। हमें विकास के अधूरे वादों को पूरा करना है। आखिरकार, 1965 से 2005 के बीच बिहार के विकास में रुकावटें तो आई ही थीं। हमें युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए और ज्यादा काम करना होगा। हमारा इरादा अगले पांच सालों में 20 लाख करोड़ रुपये का निवेश हासिल करने का है। हमारे पास केवल 7282 एकड़ जमीन रिजर्व थी, लेकिन हाल ही में हमने लोगों से 14000 एकड़ जमीन खरीदी है। हम आने वाले सालों में अपने संभावित निवेशकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए 50000 एकड़ का लैंड बैंक बनाने का इरादा रखते हैं।

महागठबंधन ने अब तेजस्वी यादव को अपना सीएम चेहरा घोषित कर दिया है। एनडीए का सीएम चेहरा कौन होगा?

हमारे यहां कोई वैकेंसी नहीं है। नीतीश कुमार सीएम हैं और आगे भी बने रहेंगे। अक्टूबर 2005 के चुनावों में, जब हमारे नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने इस विचार को हरी झंडी दी थी, तब बीजेपी ने ही सबसे पहले नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया था। नीतीश कुमार की विचारधारा भले ही अलग हो, लेकिन वे एनडीए के सभी सहयोगियों को स्वीकार्य रहे हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है। इस चर्चा का विषय ही नहीं है।

विपक्ष का कहना है कि अगर एनडीए सत्ता में लौटती है तो बीजेपी नीतीश को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी?

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश 29 साल से बीजेपी के साथ हैं। लालू प्रसाद और नीतीश दोनों को सीएम बनाने में बीजेपी की अहम भूमिका रही है। लालू छह महीने में बदल गए (1990 में, जब बीजेपी ने लालकृष्ण आडवाणी की यात्रा से पहले लालू के नेतृत्व वाली जनता दल सरकार से समर्थन वापस ले लिया था), लेकिन नीतीश हमारे साथ रहे। उनके खिलाफ कुछ भी क्यों होना चाहिए?

ब्युरो रिपोर्ट

Recent Posts