रायपुर / – बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मॉनसून एक्टिविटी तेज हो गई हैं। निम्न दाब का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के जिलों में दिख रहा है। इधर मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का मुख्य केंद्र उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिले हो सकते हैं। बस्तर और छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा, आंध्र प्रदेश जिले में भारी बारिश से शबरी और गोदावरी नदी उफान पर हैं। उधर तेलंगाना के बांध से बड़े पैमाने पर छोड़े गए पानी के चलते बीजापुर जिले से लगी सिरोंचा तहसील में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बिलासपुर जिले में दो लोगों की मौत हो गई है और 4 महिलाएं घायल भी हुई हैं।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, जशपुर, दुर्ग जिले के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है। वहीं 30 से 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी है। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगी गोदावरी और शबरी नदी अभी भी उफान पर है। वहीं तेलंगाना के श्रीपाद येल्लंपल्ली और मेडिगड्डा (कलेश्वरम) बांध से पानी छोड़ा गया है। इसकी जानकारी तेलंगाना प्रशासन ने गढ़चिरौली जिला प्रशासन को दी है। गोदावरी और प्राणहिता नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका है, जिसके चलते बीजापुर जिले से लगी सिरोंचा तहसील के 53 गांव प्रभावित हो सकते हैं। सभी गांवों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6°C दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 19.2°C दुर्ग में दर्ज किया गया।
आकाशीय बिजली से दो की मौत, 4 घायल
बिलासपुर जिले में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान 6 महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे 2 महिलाओं की मौत हो गई जबकि, 4 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती किया गया है। महिलाएं खेत से काम कर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुई है।
ग्राम कुंआपाली निवासी सौम्या नेती (33 वर्ष), सुरेखा नेती (45 वर्ष) समेत 6 महिलाएं खेत में काम करने गईं थीं। महिलाएं घर लौट रही थीं, तभी जोरदार गर्जना होने के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इससे सौम्या और सुरेखा की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पीछे चल रहीं दरसबाई कोर्राम, गीताबाई गोड़, कुंवरमति, पार्वती यादव अचेत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
इस सिस्टम से हो रही प्रदेश में बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्रतल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। मॉनसून की द्रोणिका नलिया, वल्लभ विद्यानगर, बैतूल, मंडला, संबलपुर, चांदबाली से होकर पूर्व-दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है। भारतीय क्षेत्र में अक्षांश 21°N पर औसत समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी ऊपर कतरनी क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
ब्युरो रिपोर्ट





