अहमदाबाद / – अहमदाबाद के एक स्कूल में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। 8वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध का आरोप उसी स्कूल के 10वीं कक्षा के एक छात्र पर लगा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने स्कूल के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्कूल परिसर में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना स्कूल परिसर में हुई। यहां 10वीं के छात्र ने 8वीं के छात्र पर चाकू से हमला किया, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी छात्र को हिरासत में लिया गया है।
मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को तैनात करना पड़ा।
पुलिस और स्कूल प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और जल्द ही मामले की पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
मारपीट के दौरान आरोपी छात्र ने बैग से चाकू निकाल कर किया वार
आपको बता दें कि यह घटना 19 अगस्त की है। 10वीं का छात्र अपने चचेरे भाई के साथ सेवेंथ डे स्कूल में पढ़ता है। छुट्टी के बाद दोनों सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे, तभी 8वीं के छात्र से उसका झगड़ा हो गया। झगड़ा अचानक इतना बढ़ गया कि बात मारपीट पर आ गई। इस दौरान आरोपी छात्र ने अपने बैग से चाकू निकाला और सामने वाले पर वार करके मौके से फरार हो गया। चाकू लगने से बाद छात्र बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है।
ब्युरो रिपोर्ट







