रामगढ़ के नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म और संस्कार भोज में राज्य भर से अनुयायी आ रहे हैं। सुबह से ही हजारों लोग शामिल हो चुके हैं और रात तक एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। योगगुरु बाबा रामदेव राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेता और गणमान्य व्यक्ति नेमरा पहुंचे हैं।
रामगढ़। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्य सभा सदस्य व केंद्र में कोयला मंत्री रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म व संस्कार भोज को लेकर शनिवार को नेमरा में महाकुंभ मेला का नजारा है। सुबह से ही राज्य के विभिन्न कोने से गुरुजी के अनुयायी, समर्थकों का उनके पैतृक गांव नेमरा में आने का सिलसिला शुरू हो गया है।
संस्कार भोज में एक तरफ से आगमन और दूसरी तरफ से निकासी द्वार बनाया गया है, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़े।
वैसे पूर्वाह्न 11 बजे तक योगगुरु बाबा रामदेव, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्य सचिव अलका तिवारी हेलीकॉप्टर से नेमरा पहुंच चुके हैं। राज्य के लगभग सभी मंत्री, सांसद, विधायक सहित विभिन्न दलों के कई बड़े नेता नेमरा पहुंच गए। बिहार पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी पहुंचे
दोपहर दो बजे तक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बंगाल के मुख्यमंत्री ममता देवी सहित अन्य अति विशिष्ट अतिथिगण नेमरा पहुंचेगे। इधर नेमरा गांव में लाखों की भीड़ की संभावना को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा सभी वाहनों को बरलंगा स्थित लुकैयाटांड़ में ही रोका जा रहा है। वहां से लोग ई-रिक्शा से नेमरा जा रहे हैं।
गुरुजी के संघर्षों को युगों-युगों तक किया जाएगा याद- बाबा रामदेव
नेमरा गांव में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के बाद बाबा रामदेव ने कहा कि जल-जंगल जमीन की रक्षा करने वाले महापुरुष शिबू सोरेन झारखंड ही नहीं पूरे देश के लिए एक आदर्श थे। झारखंड राज्य बनाने के लिए काफी संघर्ष किया। गुरुजी के संघर्षों को युगों-युगों तक याद किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट







