सामर्थ्य और शौर्य में अद्वितीय धर्म के लिए शीश का महादान करने वाले त्याग एवं समर्पण की मिसाल हैं बाबा श्याम : पंडित राजेश शर्मा

बाबा श्याम के अवतरण उत्सव पर मंदिर पहुंचकर पंडित राजेश शर्मा ने किया विधि-विधान से पूजन-अर्चन, क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए की प्रार्थना धमतरी। श्री खाटू श्याम बाबा के पावन अवतरण उत्सव के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थाई आमंत्रित सदस्य एवं धर्मप्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा श्री श्याम बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धा एवं

के साथ बाबा श्याम का पूजन-अर्चन किया तथा शीश नवाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए बाबा श्याम से सभी के जीवन में मंगल और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रार्थना की।इस अवसर पर पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि श्री खाटू श्याम बाबा का जीवन त्याग, वीरता, पराक्रम, वचनबद्धता और धर्म के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण है। महाभारत काल में बर्बरीक के रूप में उनकी पहचान एक महान योद्धा के रूप में थी। वे महाबली भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र थे। उन्हें भगवान शिव से प्राप्त तीन दिव्य बाणों का वरदान था। इन तीन बाणों की शक्ति इतनी अद्भुत थी कि वे अकेले ही संपूर्ण युद्ध का परिणाम बदलने की क्षमता रखते थे। इसके बावजूद उन्होंने अपने पराक्रम और शक्ति का उपयोग व्यक्तिगत विजय के लिए नहीं, बल्कि धर्म की मर्यादा और वचन की प्रतिष्ठा के लिए किया।उन्होंने कहा कि महाभारत युद्ध से पूर्व जब भगवान श्रीकृष्ण ने बर्बरीक की युद्ध में भाग लेने की प्रतिज्ञा और उनके सामर्थ्य को जाना, तब धर्म की रक्षा और युद्ध के संतुलन को बनाए रखने के लिए उनसे शीश दान का आग्रह किया। बर्बरीक ने बिना किसी मोह अथवा संकोच के भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश समर्पित कर दिया। उनके इस अतुलनीय त्याग और बलिदान से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया। इसी कारण आज देशभर में करोड़ों श्रद्धालु उन्हें शीश के दानी, लखदातार और हारे का सहारा मानकर श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हैं।पंडित राजेश शर्मा ने आगे कहा कि बाबा श्याम की महिमा केवल उनकी चमत्कारिक मान्यताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका जीवन हमें निस्वार्थ समर्पण, धैर्य, साहस और अपने वचन के प्रति दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है। जीवन में जब परिस्थितियां कठिन हों और व्यक्ति स्वयं को असहाय महसूस करे, तब बाबा श्याम के प्रति आस्था उसे नई उम्मीद और आत्मविश्वास प्रदान करती है। यही वजह है कि देश के कोने-कोने से श्रद्धालु खाटू धाम पहुंचकर बाबा के दरबार में अपनी अर्जी लगाते हैं और उनके प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट करते हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में ऐसे आराध्य स्वरूपों की गाथाएं हमारी नई पीढ़ी को त्याग, परोपकार, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं। बाबा श्याम का अवतरण उत्सव श्रद्धालुओं के लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने और जीवन में सद्भाव, सेवा एवं समर्पण के भाव को मजबूत करने का अवसर भी है।अंत में पंडित राजेश शर्मा ने समस्त श्याम भक्तों एवं क्षेत्रवासियों को श्री खाटू श्याम बाबा के अवतरण उत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि बाबा श्याम की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रत्येक घर में सुख, शांति आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।

Recent Posts