“कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिलेगा अनुदान, तैयारियां तेज”

कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ-2026 में किसानों को मिलेगा अनुदान, तैयारियां तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026 के तहत किसानों को आदान सहायता (अनुदान) का लाभ सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के बेहतर संचालन और पात्र किसानों तक अनुदान का लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कृषि विभाग के पोर्टल, धान खरीदी डेटाबेस, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान आईडी, फार्म आईडी और गिरदावरी के आंकड़ों को एकीकृत करने पर जोर दिया गया। इससे किसानों की जानकारी का सत्यापन आसान होगा और अनुदान वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके साथ ही किसानों को फार्म आईडी की पुष्टि करने और अनुदान के लिए आवेदन करने की सहज सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को पात्र किसानों के अनुदानित रकबे का सत्यापन, एग्रीस्टैक में पंजीयन तथा योजना से संबंधित जरूरी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में दलहन, तिलहन और कोदो-कुटकी-रागी जैसे मोटे अनाजों का उत्पादन करने वाले किसानों को मिलने वाले प्रोत्साहन की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

सरकार का उद्देश्य कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, कृषि उत्पादन को प्रोत्साहित करना और अन्नदाताओं के हितों का संरक्षण करना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से खरीफ-2026 में पात्र किसानों को अनुदान का लाभ पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

Recent Posts