एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में एएसपी डी.सी. पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस एवं चीता स्क्वायड की विशेष निगरानी शराब दुकानों के आसपास खोमचों एवं होटलों में अवैध शराब बिक्री और पिलाने पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त वैधानिक कार्यवाही दीपावली पर्व के दौरान जिले में शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्योहारी सीजन में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम एवं चीता स्क्वायड द्वारा धमतरी शहर स्थित अंग्रेजी एवं देशी शराब दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान प्रबंधकों एवं सेल्समैन को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मात्रा के अनुरूप ही शराब बिक्री करने तथा किसी भी स्थिति में निर्धारित सीमा से अधिक शराब विक्रय नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही शराब बिक्री से संबंधित सभी शासकीय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।पुलिस टीम द्वारा शराब दुकानों के आसपास संचालित खोमचों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि अपने प्रतिष्ठानों में अथवा आसपास अवैध रूप से शराब की बिक्री शराब पिलाने या इस प्रकार की किसी भी अनधिकृत गतिविधि को संचालित न होने दें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।धमतरी पुलिस द्वारा त्योहारी अवधि के दौरान शराब दुकानों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों एवं मैदानी बल को नियमित निरीक्षण एवं पेट्रोलिंग के माध्यम से अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दीपावली पर्व शांतिपूर्ण सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।धमतरी पुलिस आम नागरिकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करती है कि शासन के नियमों का पालन करें तथा अवैध शराब बिक्री एवं अन्य अनियमित गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।धमतरी पुलिस – सुरक्षित दीपावली शांतिपूर्ण धमतरी।





