धमतरी। दीपावली, गोवर्धन पूजा, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा के प्रतीक गोरा-गौरी पर्व एवं भाई दूज के पावन अवसर पर जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिलेवासियों सहित समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।इस अवसर पर सार्वा ने कहा कि हमारे त्योहार केवल खुशियां मनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये हमारी संस्कृति सभ्यता धार्मिक आस्था और समृद्ध परंपराओं के प्रतीक हैं। दीपावली का पर्व जीवन में सुख-समृद्धि, प्रकाश, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संदेश देता है। दीपों का यह उत्सव अंधकार पर प्रकाश तथा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौमाता और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण की भावना को मजबूत करती है। वहीं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट लोकसंस्कृति से जुड़ा गोरा-गौरी पर्व हमारी पारंपरिक विरासत, लोकआस्था और सामाजिक एकता की अनमोल पहचान है। भाई दूज का पर्व भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास के पवित्र रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाता है।सार्वा ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली आए और हर परिवार सुख शांति एवं समृद्धि का अनुभव करे। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी प्रेम भाईचारे सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ पर्व मनाने की अपील की।अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कामना की कि दीपावली का पावन प्रकाश प्रत्येक घर-आंगन को खुशियों से रोशन करे। किसानों व्यापारियों युवाओं महिलाओं एवं श्रमिकों के जीवन में उन्नति के नए अवसर आएं तथा धमतरी जिला निरंतर विकास, खुशहाली और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।





