
बाल स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति लोगों को करेगा जागरूक धमतरी । सेवा संकल्प शिविर के दौरान सांसद भोजराज नाग ने सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा और प्रकाश बैंस सहित जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर शुभकामनाएं दीं।महिला एवं बाल विकास विभाग नगरी के संयोजन तथा मोबाइल क्रैशिज संस्था के आयोजन में संचालित यह रथ विकासखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचकर बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बाल देखभाल के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार, कुपोषण की रोकथाम तथा बच्चों के स्वस्थ विकास से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से नगरी विकासखंड में 7 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए 124 ‘लईका घर’ संचालित हैं। इनके माध्यम से बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को बेहतर पालन-पोषण के लिए जागरूक किया जा रहा है।सांसद भोजराज नाग ने कहा कि सुपोषित बचपन ही स्वस्थ और मजबूत भविष्य की नींव है। उन्होंने लोगों से सुपोषण अभियान से जुड़कर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण में सहभागी बनने की अपील की।इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रवण कुमार मरकाम पिंकी शिवराज साह, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू सहित कलेक्टर अबिनाश मिश्रा जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा एसडीएम प्रीति दुर्गम बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






