“एसिड अटैक से सनसनी, 8 घंटे में सुलझी गुत्थी; प्रेमी ने दोस्त संग रची थी साजिश”

*यश सोनकर ने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर रची थी वारदात की साजिश, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार*

बालोद,:–बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित युवती का कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ही इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने मंगलवार को साइबर सेल में आयोजित प्रेस वार्ता में घटना की पूरी जानकारी दी।

लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर फेंका एसिड

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवती रोजाना की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी तत्काल मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर तांदुला डैम की ओर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपियों तक

जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीड़िता के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर को संदेह के दायरे में लिया गया।

पूछताछ के दौरान यश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कई मनगढ़ंत बातें बताईं, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, युवती द्वारा किसी अन्य स्थान पर प्रेम संबंध एवं शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज होकर यश ने करीब तीन माह पहले अपने स्कूल मित्र करण कुंजाम के साथ मिलकर एसिड अटैक की साजिश रची थी।

गणेश झांकी के दौरान भी वारदात की थी योजना

पुलिस के अनुसार, यश लगातार युवती को मनाने का प्रयास कर रहा था। युवती के तैयार नहीं होने पर उसने अपने दोस्त करण कुंजाम को 26 सितंबर को बालोद बुलाया। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान घटना को अंजाम देने की योजना बनाई, लेकिन उस समय पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद 05 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे, जब युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तब यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

तांदुला डैम से भागकर पहुंचा कोंडागांव

घटना के बाद करण कुंजाम तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने यश सोनकर से पूछताछ के आधार पर करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में अपराध करना स्वीकार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एसिड तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

1. यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद।

2. करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित थाना कोतवाली बालोद के समस्त स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। किसी व्यक्ति द्वारा पीछा किए जाने, धमकी देने या परेशान किए जाने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के लिए बालोद पुलिस सदैव तत्पर है।

Recent Posts