सेवा संकल्प अभियान: आंगनबाड़ी केन्द्र भावी पीढ़ी के निर्माण और संस्कार की पहली पाठशाला : विधायक अजय चंद्राकर

सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरुद में विकासखंड स्तरीय ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन

महिला जनप्रतिनिधियों और मैदानी कार्यकर्ताओं का सम्मान धमतरी। सेवा संवेदना और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड कुरुद में विकासखंड स्तरीय ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायकअजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और समुदाय को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं जनजागरूकता सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र केवल नौनिहालों की शिक्षा-दीक्षा का स्थान नहीं, बल्कि स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त भावी पीढ़ी के निर्माण की पहली पाठशाला हैं। बच्चे के जीवन के शुरुआती वर्ष उसके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास की नींव रखते हैं। इसलिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा देने के साथ-साथ माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से माताओं और बच्चों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं तथा जागरूकता उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

विधायक चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं और बच्चों के कल्याण तथा उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों और गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब शासन की योजनाओं और हितग्राहियों के बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन और समुदाय सक्रिय सेतु की भूमिका निभाएं।

उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी से सेवा कार्यों को गति देने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है। आंगन मिलन कार्यक्रम इसी भावना का सशक्त उदाहरण है, जहां आंगनबाड़ी केन्द्रों को परिवार, समुदाय और शासन के बीच संवाद एवं सहभागिता का केंद्र बनाया जा रहा है।उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में ये कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्र भेजें, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ लें तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।86 आंगनबाड़ी केन्द्रों में सामुदायिक सहभागिता की जीवंत तस्वीर

नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने कहा कि कुरुद क्षेत्र के 86 आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता की जीवंत तस्वीर देखने को मिल रही है। इन केन्द्रों में बच्चों की खिलखिलाहट, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पित प्रयास मिलकर गुणवत्तापूर्ण पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं बाल विकास का मजबूत आधार तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़कर संचालित करने से योजनाओं की पहुंच और प्रभाव दोनों बढ़ते हैं।सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी से परिवार के साथ-साथ समाज और क्षेत्र का विकास भी मजबूत होता है।कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू वीरेंद्र साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन महेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। उन्होंने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।महिला जनप्रतिनिधियों और मैदानी कार्यकर्ताओं का सम्मान कार्यक्रम के दौरान चयनित महिला सरपंचों मितानिनों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले द्वारा बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा महिलाओं तक सेवाएं पहुंचाने में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य पूजा सिन्हा कुलेश्वरी गायकवाड़ मीणा साहू जनपद सभापति सिंधु बैस श्याम साहू सहित स्थानीय एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, मितानिन तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

Recent Posts