“मोदी के 25 वर्ष की सेवा का संदेश देगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ : यशवंत जैन”


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम


बालोद :– भाजपा जिला कार्यालय जुंगेरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा की यात्रा केवल सत्ता की यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण का स्वर्णिम काल है।
यशवंत जैन ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर रहते हुए जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। इसी ऐतिहासिक अवसर को देखते हुए भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्य, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलाव को जनता तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को आवास, राशन, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा, जनधन, उज्ज्वला और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ देश ने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा, अंतरिक्ष और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल की हैं।
एक माह तक होंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम

श्री जैन ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस दौरान रक्तदान शिविर, ‘आशीर्वाद का दिया’, स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवाः अनकही कहानियां’, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, ‘सेवा की कहानी’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा वडनगर से वाराणसी तथा वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं ‘सेवा—मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने का आह्वान किया जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत मानव रंगोली तथा युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं प्रोफेशनल्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
‘सेवा से सहभागिता और सहभागिता से विकसित भारत’
यशवंत जैन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल का संदेश है कि सत्ता साध्य नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है और पद प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि दायित्व है।
उन्होंने मीडिया से भी अभियान के कार्यक्रमों एवं संदेश को व्यापक समाज तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ विकसित, आत्मनिर्भर, सुरक्षित और समर्थ भारत के निर्माण में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री शाहिद खान तथा जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Recent Posts