40 साल पुरानी पाइपलाइन बदलेगी, कोऑपरेटिव बैंक के सामने वाली गली से शिव चौक तक बिछेगी नई पाइपलाइन धमतरी/ शहर के बनियापारा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं मजबूत बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। महापौर जगदीश रामू रोहरा ने बनियापारा में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से होने वाले पाइपलाइन विस्तार एवं नवीनीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।इस कार्य के तहत कोऑपरेटिव बैंक के सामने वाली गली से शिव चौक तक लगभग 250 मीटर लंबी 40 वर्ष पुरानी पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। लंबे समय से पुरानी पाइपलाइन के कारण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को लेकर आ रही परेशानियों को देखते हुए यह कार्य स्वीकृत किया गया है। नई पाइपलाइन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर, नियमित एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा तथा जल वितरण व्यवस्था अधिक मजबूत होगी।भूमिपूजन के दौरान महापौर रामू रोहरा ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। कार्य निर्धारित मापदंडों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए और इसे तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार एवं उनका सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता है। पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। शहर में जहां भी पुरानी एवं जर्जर पाइपलाइन के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है, वहां चरणबद्ध तरीके से पाइपलाइन का नवीनीकरण कर जलापूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।वार्ड पार्षद पिंटू यादव ने महापौर रामू रोहरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा नई पाइपलाइन की स्वीकृति एवं कार्य प्रारंभ होने से वार्डवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।नई पाइपलाइन के विस्तार एवं नवीनीकरण कार्य के भूमिपूजन से क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल रहा। स्थानीय नागरिकों ने लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में पहल के लिए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त किया और कार्य शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताई।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्यामलाल नेताम, पार्षद चंद्रभागा साहू,अनीता अग्रवाल,नम्रता माला पवार, अज्जू देशलहरे,राकेश चंदवानी,एल्डरमैन भागवत यादव, जनप्रतिनिधिगण, नगर निगम कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।






