“आरक्षकों ने ₹60,500 लौटाकर पेश की ईमानदारी”

सड़क पर मिली ₹60,500 की रकम आरक्षकों ने तलाश कर मालिक को लौटाई

बालोद:– ड्यूटी पर जाते समय सड़क पर मिली ₹60,500 की नकद राशि को थाना सुरेगांव के दो आरक्षकों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर वापस कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को थाना सुरेगांव में पदस्थ आरक्षक अरविंद दोहरे एवं वरुण कुर्रे ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान ITI सुरेगांव के पास उन्हें सड़क पर ₹60,500 नगद मिले। दोनों आरक्षकों ने रकम अपने पास सुरक्षित रखते हुए उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की।
पतासाजी के दौरान पता चला कि यह राशि टूमन लाल निर्मलकर, निवासी ग्राम खुर्सीपार, थाना बालोद की है। इसके बाद उन्हें थाना सुरेगांव बुलाकर आवश्यक सत्यापन किया गया और पूरी ₹60,500 की राशि सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दी गई।
आरक्षकों के इस सराहनीय कार्य की पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की ऐसी ईमानदारी और संवेदनशीलता आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करती है तथा यह पूरे पुलिस विभाग के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
आरक्षक अरविंद दोहरे एवं वरुण कुर्रे की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Recent Posts