गुरु का सम्मान ही स्वस्थ, संस्कारित और समृद्ध समाज की पहचान : नीलेश लुनिया

गुरु पूर्णिमा पर स्वास्थ्य विभाग सभापति ने शहर एवं जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं, गुरु के संस्कारों को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया धमतरी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लुनिया ने समस्त शहर एवं जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले व्यक्ति नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा श्रेष्ठ विचार और उत्तम संस्कार प्रदान करने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु के सान्निध्य में ही व्यक्ति का व्यक्तित्व निखरता है और वह समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझता है।नीलेश लुनिया ने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण केवल शारीरिक स्वास्थ्य से नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच से होता है। गुरु अपने ज्ञान और अनुभव से हमें अनुशासन, संयम सेवा और सद्भाव का मार्ग दिखाते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने गुरु के बताए आदर्शों को जीवन में अपनाए, तो समाज में आपसी प्रेम भाईचारा और सामाजिक समरसता स्वतः स्थापित होगी।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और विश्वास बनाए रखना चाहिए। आधुनिक जीवन की व्यस्तता के बीच भी गुरु के मार्गदर्शन और उनके मूल्यों को अपनाना आवश्यक है। गुरु का आशीर्वाद जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है तथा सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।उन्होंने सभी नागरिकों से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने, उनका आशीर्वाद लेने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यही सच्ची गुरु वंदना है और यही हमारे जीवन को सार्थक बनाती है।नीलेश लुनिया ने समस्त शहर एवं जिलेवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Recent Posts