
प्रधानमंत्री पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो का ज्ञापन, एसपी से कार्रवाई की मांग

बालोद :– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और अभद्र कृत्य किए जाने के आरोप को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला बालोद ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत गुंडरदेही के सभापति गुलशन कुमार साहू के नेतृत्व में प्रदेश युवा मोर्चा पदाधिकारी पंकज चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, जिला महामंत्री अनूप देशमुख, हिमांशु साहू, जिला उपाध्यक्ष सौरभ जैन, कुलदीप यादव, जिला मंत्री आशुतोष कौशिक, धनंजय साहू, जिला मीडिया प्रभारी अभिन्न यादव, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुमित जैन, जिला पदाधिकारी जागेश्वर धीमर, रजत जैन, मंडल अध्यक्ष राहुल सोनी, नीतेश सोनकर, वीर दिल्लीवार, सागर सहित अन्य पदाधिकारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम पर “sunny_jaiswal_iyc” नामक आईडी से अपलोड किए गए एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है तथा उनके छायाचित्र के साथ आपत्तिजनक कृत्य किया गया है। आवेदन में दावा किया गया है कि इससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं और प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुलशन कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की कथित आपत्तिजनक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। आरोपों की सत्यता और आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






