“बालोद के जनप्रिय तहसीलदार अब होंगे कवर्धा के डिप्टी कलेक्टर”

“कर्मठ अधिकारी आशुतोष शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी”

बालोद। राज्य शासन द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत बालोद में पदस्थ तहसीलदार आशुतोष शर्मा को डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदोन्नत करते हुए कबीरधाम (कवर्धा) जिले में पदस्थापना दी गई है। उनकी पदोन्नति पर जिला प्रशासन सहित आम नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
बालोद में अपने कार्यकाल के दौरान श्री शर्मा ने एक कर्मठ, संवेदनशील एवं जनहितैषी अधिकारी के रूप में पहचान बनाई। वे नियमित रूप से न्यायालय पहुंचकर राजस्व मामलों से जुड़े पीड़ितों और आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक पहल करते रहे। आम जनता की शिकायतों और राजस्व प्रकरणों के प्रति उनकी कार्यशैली हमेशा सकारात्मक और समाधान केंद्रित रही।


श्री शर्मा का व्यवहार बेहद सरल, सहज और खुशमिजाज रहा है। वे मुस्कुराते हुए लोगों की समस्याएं सुनते और उनका समाधान करने का प्रयास करते थे। तहसील कार्यालय के कर्मचारियों से लेकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों तक, सभी के साथ उनका सौहार्दपूर्ण व्यवहार रहा, जिसके कारण वे आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे।
संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें पौधा भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कवर्धा में नए दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना की।
बालोद जिले में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। डिप्टी कलेक्टर के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी निश्चित रूप से प्रशासनिक क्षेत्र में उनकी कार्यक्षमता और जनसेवा की भावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

Recent Posts