बोले-आपके कार्यकाल की सौगात ही हमारी धरोहर आज भी आपसे ही विकास की उम्मीद धमतरी- जनसंपर्क अभियान के तहत गंगरेल मंडल के ग्राम मालगांव पहुंचीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने ग्रामीणों के साथ जन-चौपाल के माध्यम से आत्मीय संवाद किये।इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव के विकास से जुड़े मुद्दों को उनके समक्ष रखें। वहीं वर्षों पुरानी यादों को साझा करते हुए कई ग्रामीण भावुक भी दिखाई दिए। ग्रामीणों ने कहा कि रंजना साहू के विधायक कार्यकाल में गांव में जो विकास कार्य हुए, वे आज भी मालगांव की पहचान और धरोहर के समान हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपने जो दिया, वही हमारे गांव की सबसे बड़ी पूंजी है, उस समय जो कार्य हुए, वही आज भी दिखाई देते हैं और आज भी हमें अपने गांव के विकास के लिए आपसे ही उम्मीद है। जन-चौपाल के दौरान गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने खुले मन से अपनी बात रखी। कई ग्रामीणों ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि रंजना साहू हमेशा सुख-दुख में गांव के साथ खड़ी रही हैं, यही कारण है कि उनके प्रति लोगों का विश्वास और अपनापन आज भी बना हुआ है। ग्रामीणों के स्नेह और विश्वास से अभिभूत रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा सम्मान जनता का विश्वास और अपनापन होता है। मालगांव के लोगों ने हमेशा मुझे परिवार का सदस्य समझकर स्नेह दिया है। विधायक रहते हुए जो भी कार्य कर पाई, वह आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम था, आपके बीच आकर आपकी बातें सुनना और सुख-दुःख साझा करना मेरे लिए राजनीति नहीं, बल्कि आत्मीय संबंधों का विषय है। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव के विकास और क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए मैं हमेशा आपके साथ खड़ी रहूंगी। इस अवसर पर रंजना डीपेंद्र साहू ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा गांव के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया।






