“कुशासन में सुशासन की बात बेमानी” -: संगीता सिन्हा”

कुशासन में सुशासन की बात बेमानी” — भाजपा राज में महिलाएं असुरक्षित : संगीता सिन्हा


रायपुर / बालोद :—कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष कांग्रेस संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा के दो वर्षीय शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं और प्रदेश में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “कुशासन में सुशासन की बात बेमानी है।”
संगीता सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा का महिलाओं के प्रति दोहरा चरित्र शुरू से ही सामने रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आज तक किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनाया, जबकि कांग्रेस ने महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कई महिलाओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर नारी सम्मान को मजबूत किया।
महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए महिला आरक्षण का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण अधिनियम पारित होने के बावजूद इसे 2024 के लोकसभा चुनाव में लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार महिलाओं की भागीदारी और आरक्षण की बात करते रहे हैं।


प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में दुष्कर्म, गैंगरेप, छेड़छाड़ और महिलाओं के लापता होने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों में पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होती और कई मामलों में पीड़ितों को ही प्रताड़ित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं और बेटियां लापता हो रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा और राजनांदगांव जैसे जिलों में महिलाओं से जुड़े अपराध अधिक सामने आ रहे हैं।


संगीता सिन्हा ने आयुष्मान कार्ड योजना में सिजेरियन डिलीवरी सुविधा समाप्त करने को महिलाओं के प्रति “क्रूर निर्णय” बताया। वहीं महतारी वंदन योजना में केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर महिलाओं को परेशान किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि आज भी कई पात्र महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने मोदी की गारंटी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 500 रुपये में गैस सिलेंडर, महिला पिंक थाना, छात्राओं के लिए ट्रैवल एलाउंस, मातृत्व सुरक्षा योजना और रानी दुर्गावती योजना जैसी घोषणाएं धरातल पर नजर नहीं आ रही हैं।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगा है।

Recent Posts