नगर निगम के महापौर रामू रोहरा का जन्मदिन आज शहर में उल्लासमय वातावरण के बीच गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।महापौर ने अपने जन्मदिन की शुरुआत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर की, जहां उन्होंने देश-प्रदेश की खुशहाली एवं शहर के विकास के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। आगे विंध्यवासिनी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।दिनभर जनसंपर्क और जनसेवा के कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। जिला ग्रंथालय पहुंचकर महापौर ने बच्चों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद जिला अस्पताल में मरीजों के बीच पहुंचकर फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना।नगर निगम परिसर में कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं निगम ठेकेदारों ने महापौर को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभा कक्ष में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान महापौर ने 150 स्वच्छता दीदियों को साड़ी वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की और उनके सम्मान में अपना आभार व्यक्त किया।दोपहर को मकई चौक में भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह जन्मदिन मेरे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि जनता की सेवा का संकल्प और अधिक मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ वे शहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।







