अवैध प्लाटिंग मामला विधानसभा में गूंजा विधायक ओंकार साहू ने मंत्री व भाजपा नेताओं पर लगाए मिलीभगत के आरोप

धमतरी, 17 मार्च।अवैध प्लाटिंग एवं अवैध कॉलोनियों के गंभीर मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। धमतरी विधायक ओंकार साहू एवं सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम द्वारा विधानसभा में उठाए गए प्रश्न के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कड़ा रुख अपनाया है। सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया। इससे राजस्व विभाग में हलचल मच गई है विधानसभा में विपक्ष के विधायको के बहिर्गमन के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक ओंकार साहू एवं विधायक अम्बिका मरकाम ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और भाजपा नेताओं पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया।विधायक ओंकार साहू ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में विस्तृत प्रश्न के माध्यम से धमतरी एवं कांकेर जिलों में अवैध प्लाटिंग और कॉलोनियों की स्थिति पर सरकार से जानकारी मांगी थी। इसमें शिकायतों की संख्या, खसरों की जांच की स्थिति, लंबित प्रकरणों के कारण, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका एवं उनके खिलाफ कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे।उन्होंने कहा कि सरकार के जवाब से यह स्पष्ट हुआ है कि बड़ी संख्या में मामलों की जांच अभी भी लंबित है, विशेषकर कांकेर जिले में, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।ओंकार साहू ने आरोप लगाया कि अवैध प्लाटिंग का यह पूरा नेटवर्क राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं भाजपा नेताओं की मिलीभगत के चलते सख्त कार्रवाई के बजाय केवल लीपापोती की जा रही है।उन्होंने आगे कहा कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध कॉलोनियों का विस्तार तेजी से हुआ है। बिना आवश्यक अनुमति के प्लाटिंग से आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।विधायक ओंकार साहू एवं अम्बिका मरकाम ने मांग की कि सभी लंबित मामलों की शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो पार्टी जनता के हित में व्यापक आंदोलन करेगी।

Recent Posts