धमतरी। भक्त माता कर्मा जयंती के उपलक्ष्य में साहू समाज द्वारा शहर में भव्य मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में समाज के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर के घड़ी चौक में महापौर रामू रोहरा ने रैली का स्वागत किया और उपस्थित समाजजनों को भक्त माता कर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कर्मा चौक पहुंची, जहां भक्त माता कर्मा की महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा भी महाआरती में शामिल हुए और श्रद्धापूर्वक आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भक्त माता कर्मा का जीवन त्याग, सेवा और समाज के उत्थान का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि माता कर्मा ने अपने जीवन से समाज को परिश्रम, ईमानदारी और समर्पण का संदेश दिया है। आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करें। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपने संस्कार और परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। महापौर ने आयोजन के लिए साहू समाज को बधाई देते हुए कहा कि समाज की एकजुटता और सक्रियता से शहर में सकारात्मक वातावरण बनता है। इस अवसर पर साहू समाज के वरिष्ठजन, समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।






