सास-बहू सम्मान समारोह बना आकर्षण का केंद्र, 80 जोड़ों का हुआ सम्मान

सास-बहू के प्रेम और सेवा को मिला मंच

धमतरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और चैती चंद्र के अवसर पर धमतरी में ऐसा अनोखा आयोजन देखने को मिला, जिसने समाज में सास-बहू के रिश्ते की सकारात्मक और संवेदनशील तस्वीर पेश की। सिंध शक्ति महिला संगठन और पूज्य सिंधी पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्षों से प्रेम और सम्मान के साथ साथ रह रही 80 सास-बहू की जोड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार में सास-बहू के रिश्ते को सम्मान देना और समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना रहा। आयोजन में करीब 160 महिलाओं का सम्मान किया गया, जिनमें कई ऐसी बहुएं भी शामिल थीं जो 40-45 वर्षों से अपनी सास के साथ रहकर सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। कुछ बहुएं ऐसी भी थीं जो बीमार और बिस्तर पर चल रही अपनी सास की लगातार सेवा कर रही हैं, जिन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।हाथों में हाथ डालकर सास-बहू का प्रवेश कार्यक्रम का सबसे भावुक और आकर्षक क्षण तब देखने को मिला जब सास और बहू हाथों में हाथ डालकर प्रवेश द्वार से कार्यक्रम स्थल में पहुंचीं। सिंध शक्ति महिला संगठन की महिलाओं ने आरती, चंदन तिलक और पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और सम्मानपूर्वक उन्हें मंच के सामने बैठाया गया। बहुओं ने मंच से बताए सास के गुणकार्यक्रम में बहुएं अपनी सास के साथ सजाई गई थालियां लेकर पहुंचीं और मंच से अपनी सास के गुणों का उल्लेख किया। कई बहुओं ने भावुक शब्दों में कहा कि हम सास के साथ नहीं रहते, बल्कि सास हमें अपने साथ रखती हैं और बेटी की तरह स्नेह देती हैं। इसके बाद बहुओं ने अपनी सास की आरती उतारी, चरण स्पर्श किया और शाल-श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। वहीं महिला संगठन की ओर से बहुओं को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह आयोजन में चैती चंद्र और सिंधी संस्कृति से जुड़े गीतों पर सास-बहुओं ने एक साथ नृत्य किया, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और अपनत्व से भर दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस दृश्य को काफी सराहा। इस अनोखे कार्यक्रम को देखने के लिए समाज के लोगों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। आसपास के क्षेत्रों से भी लोग इसमें शामिल हुए, जिनमें चारामा सहित अन्य स्थानों से आए समाजजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूज्य सिंधी पंचायत के पूर्व अध्यक्ष चंदू जसवानी, कार्यवाहक अध्यक्ष सोनू (योगेश) जसूजा, महेश रोहरा, रोमी सावलानी, सुनील रेवलानी, बंटी वाधवानी, रामचंद्र वाधवानी, संजू गंगवानी, अशोक बुधवानी, अशोक मुंजवानी सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। वहीं सिंध शक्ति महिला संगठन की ओर से प्रिया पंजवानी, पार्वती वाधवानी, साक्षी वाधवानी, दिशा कमरानी, शारदा चावला, मोना वाधवानी, रोमा आहूजा, जया चावला, रिया सोनेटा, प्रीति पिंजानी, श्वेता कमरानी, पलक सुंदरानी, संगीता वाधवानी, मुस्कान वाधवानी, सिमरन वाधवानी, किरण ग्वालानी, सरला डोडवानी, तान्या चावला, दीपा जसवानी, कुमकुम रेवालानी, रीता धामेचा, भावना धामेचा, शोभा बखतानी, मन्नत आहूजा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े रहे। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि पारिवारिक रिश्तों में सम्मान, अपनापन और समझदारी हो तो सास-बहू का रिश्ता भी समाज के लिए प्रेरणा बन सकता है।

Recent Posts