जिले में 17 नई शराब दुकानें खोलकर युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल रही है भाजपा सरकार ओंकार साहू

धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओंकार साहू ने जिले में 17 नई शराब दुकानें खोले जाने के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। विधायक ओंकार साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धमतरी जिले के युवाओं को रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में विफल रही है, लेकिन शराब की दुकानें खोलने में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज और परिवार व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे सकती, अच्छी शिक्षा की व्यवस्था नहीं कर सकती, लेकिन शराब की 17 नई दुकानें खोलकर उन्हें नशे में डुबोने का काम जरूर कर सकती है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।विधायक ने आगे दावा किया कि धमतरी जिले के देमार, लोहरसी, नवागांव (क), खरेगा, सिंगपुर, भेण्डरी, जामगांव, कोडापार, मंडेली, जोरातराई, बोरई, बिरगुड़ी, गड्डोंगरी, नवागांव (कस), सांकरा, दुगली और कुकरेल सहित कई गांवों में शराब दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की दोगली नीति करार दिया। ओंकार साहू ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह जिले में उद्योग-धंधों को बढ़ावा दे, कौशल विकास केंद्र खोले, बीएड–डीएड कॉलेज स्थापित करे और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करे, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें। शराब दुकानों की संख्या बढ़ाने से अपराध, घरेलू हिंसा और सामाजिक असंतुलन बढ़ने की आशंका है। उन्होंने इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Recent Posts