पूर्वी मंडल वाड्राफनगर के युवा महामंत्री बने रिपुसूदन पटेल।

बलरामपुर जिले के वाड्राफनगर क्षेत्र में संगठन ने युवा नेतृत्व को नई जिम्मेदारी देते हुए रिपुसूदन पटेल को पूर्वी मंडल वाड्राफनगर का युवा महामंत्री नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए मजबूती भरा कदम बताया है। ग्राम पंचायत शिवरी के मूल निवासी रिपुसूदन पटेल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते आ रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, मिलनसार व्यवहार और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। युवा महामंत्री बनाए जाने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। मंडल के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और इसे आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। बातचीत के दौरान रिपुसूदन पटेल ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना और युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। क्षेत्र में चर्चा है कि युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में यह नियुक्ति अहम साबित होगी और आने वाले समय में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

Recent Posts