*मुस्लिम सामुदायिक भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग, कलेक्टर ने एसडीएम को दिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश*

बालोद :– इंतेजामिया कमेटी के सदर जनाब शाहिद अहमद खान द्वारा मुस्लिम समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 डिसमिल भूमि आवंटन की मांग जिला कलेक्टर बालोद को आवेदन प्रस्तुत कर किया गया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर महोदय ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बालोद को पत्र प्रेषित कर प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में इंतजामिया कमेटी के सदर शाहिद अहमद खान ने बताया कि मुस्लिम समाज के पास सामाजिक, शैक्षणिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। सामुदायिक भवन बनने से समाज के विभिन्न कार्यक्रम,वैवाहिक कार्यक्रम, बैठकें और जनहित से जुड़े आयोजन व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मामले में सकारात्मक पहल किए जाने से समाज के लोगों में आशा जगी है और उम्मीद है कि जल्द ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त होगा।






